कालपी। नगर के दो नलकूप में तकनीकी समस्या आने से आधा दर्जन मोहल्ले में पेयजल संकट गहरा गया। पानी नहीं आने से लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पानी के लिए लोगों को दूसरे मोहल्ले जाना पड़ रहा है।
नगर में 15 स्थानों पर नलकूप लगे हुए हैं। इन नलकूप में दो नंबर नलकूप की मोटर गुरुवार को खराब हो गई थी। इसमें दस लाख लीटर क्षमता की टंकी भरी जाती थी। वह नहीं भर पा रही है। दो दिन बीतने के बाद भी मोटर को ठीक नहीं किया जा सका। इससे मोहल्ला हरिगंज, राजघाट, मिर्जा मंडी के साथ आसपास पानी की सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है। पेयजल संकट से ये दो मोहल्ले जूझ ही रहे थे।
नगर के सब्जी मंडी में लगा नलकूप संख्या 12 में एचटी लाइन में फाल्ट आ गया। इससे नलकूप को बिजली की सप्लाई नहीं मिल पा रही है। नलकूप बंद होने से देर शाम तक लोग पानी के लिए परेशान हुए। नगर के मोहल्ला राजेपुरा बिजली घर सहित मोहल्ले में पेयजल के लिए लोग परेशान होते हुए दिखे। दोनों नलकूप खराब होने से पांच हजार की आबादी परेशान होती नजर आई।
वर्जन-
मोटर को बदलने का काम चल रहा है। जल्द मोटर बदल ली जाएगी। बिजली कर्मचारी काम कर रहे हैं। दूसरे नलकूप को भी जल्द चालू किया जाएगा। - आलोक श्रीवास्तव, जेई