एसडीएम के यहां प्रार्थना पत्र देने पहुंचे इलाकाई बाशिंदे
- फोटो : ORAI
कोंच। कांशीराम कॉलोनी में नलकूप की मोटर फुंकने से पेयजल संकट गहरा गया है। कॉलोनी के बाशिंदों ने एसडीएम को प्रार्थनापत्र देकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
घुसिया रोड पर स्थित कांशीराम कॉलोनी में सात सैकड़ा से भी अधिक आवास हैं। जिनमें हजारों की आबादी रहती है। कॉलोनी के घरों में वाटर सप्लाई के लिए ओवरहेड टैंक की व्यवस्था है जिससे पाइपलाइन के जरिए आपूर्ति होती है। पिछले कई दिनों से नलकूप की मोटर फुंकी पड़ी है जिससे वाटर सप्लाई ठप पड़ गई है। कालोनी में लगे अधिकांश हैंडपंप खराब होने से संकट और बढ़ गया है। कालोनी निवासी शिवानी, नेहा प्रजापति, रूबी, साबिरा, कल्लू, सोना, रेशमा, तबस्सुम, असगरी, बबली, गुड्डी आदि ने एसडीएम अशोक कुमार को प्रार्थनापत्र देकर समस्या का समाधान की मांग की है।
इनसेट
जल निगम और जल संस्थान के बीच फंसी व्यवस्था
कोंच। कॉलोनी में समस्याओं के लंबा खिंचने का एक बड़ा कारण यह भी है कि उक्त नलकूप जल निगम के अंतर्गत आता है जबकि शहर में संचालित नौ नलकूपों की व्यवस्था जल संस्थान देखता है। जल निगम का तहसील मुख्यालय पर न तो कोई कार्यालय है और न ही कोई अधिकारी बैठता है। इसके चलते समस्या का समाधान होने में जरूरत से ज्यादा वक्त लगता है। लोगों का कहना है कि अधिकारियों को इस समस्या को गंभीरता सेे लेेकर नलकूप जल संस्थान के सुपुर्द कराना चाहिए ताकि समस्या जल्द समाधान हो सके।