उरई। जिला परिषद चौराहे के पास बुधवार की सुबह पाइप लाइन फटसे से शहर पेयजल सप्लाई प्रभावित हो गई है। पाइप लाइन से जुड़ी 13 टंकियों में पानी नहीं पहुंच रहा था। इसकी वजह से हड़कंप मच गया। जल संस्थान की टीम ने मौके पर पहुंचकर फटी पाइप लाइन को ठीक करने का काम किया। अधिकारियों का कहना है कि देर रात तक पाइप लाइन ठीक कर ली जाएगी।
बुधवार को जिला परिषद चौराहे के पास पुरानी पाइप लाइन जर्जर होने से फट गई। इसके चलते पटेलनगर, आंबेडकर चौराहे, कलक्ट्रेट, लहारियापुरवा, दीपशिखा समेत करीब 13 पानी की टंकियों में जाने वाला बंद हो गया। जैसे ही पाइप लाइन फटने की जानकारी विभागीय अधिकारियों को मिली तो हड़कंप मच गया। तत्काल जल संस्थान के अभियंता श्याम बहादुर सिंह, कर्मचारियों और ठेकेदार के साथ पहुंचे। उन्होंने पाइप लाइन को ठीक करने का काम शुरू किया। विभागीय सूत्रों के अनुसार करीब 50 हजार की आबादी को पानी की दिक्कत हुई। जब तक पाइप लाइनों व टंकियों में पानी रहा तब तक सप्लाई हुई। इसके बाद सप्लाई बंद हो गई। अभियंता का कहना है कि फटी पाइप लाइन जेसीबी से खुदवाकर ठीक कराई जा रही है। देर रात तक सुधार कर पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।