उरई। बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर जल संस्थान के ठेका कर्मचारियों ने शनिवार से दो दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। साथ ही कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान के बारे में निर्णय नहीं लिया गया तो वह 19 जुलाई से जल संस्थान कार्यालय में ही भूख हड़ताल शुरू कर देंगे।
जल संस्थान ठेका कर्मचारी यूनियन के नेता वीरेश चतुर्वेदी कोंच ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के नलकूप चालकों को नवंबर 2020 से, शहरी क्षेत्र के नलकूप चालकों को अक्टूबर 2020 से और लेबर को अगस्त 2020 से भुगतान नहीं किया गया है। इसके चलते इन लोगों के परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इस बारे में 26 जून को डीएम और अधिशासी अभियंता को मांगपत्र भी दे चुके हैं। आठ जुलाई को धरने पर बैठे तो हफ्ते भर में भुगतान का आश्वासन देकर हम लोगों का धरना समाप्त करा दिया गया था लेकिन हफ्ता भर बीत जाने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हुई है। इससे नलकूप चालक आक्रोशित है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से ठेका कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन मामले में निर्णय नहीं लिया गया तो 19 जुलाई से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इस दौरान राधारमण, आत्माराम, इमरान अंसारी, अब्दुल वकार, पप्पू चौधरी, अशफाक, परवेज, सीताराम, कृष्ण अवतार, मिथुन, जितेंद्र, कमलकांत, राकेश, रोहित, प्रेमकिशोर आदि मौजूद रहे।