माधौगढ़। त्योहार एंव पंचायत चुनाव के मद्देनजर कोतवाली परिसर पर सीओ वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में चौकीदारों के साथ बैठक हुई। जिसमें चौकीदारों को गांव की प्रत्येक गतिविधि पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने की बात कही गई। ।कोताही किसी भी सूरत मे बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिवरात्रि, होली एवं पंचायत चुनाव के मद्देनजर कोतवाली परिसर पर चौकीदारों की बैठक की गई जिसमें दो दर्जन चौकीदारों को साफा,वर्दी व टार्च दी गई। सीओ वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पंचायत चुनाव का बिगुल बज गया है। गांव में चौकीदारों की अहम भूमिका रहती है। चुनाव के दौरान प्रत्याशी वोटरों को प्रलोभन दे रहा है,तुरंत सूचना दे। पूर्व हुए चुनाव के दौरान वाद विवाद, लडा़ई जिस गांव में हुई हो उसकी जानकारी दें। शस्त्र धारक विवादित हो,या शांतिभंग का अंदेशा हो उसका शस्त्र लाइसेंस थाने में जमा कराए।
कोतवाल बीएल यादव ने कहा कि जिस जगह पर होली जलती हो उसी जगह पर जलनी चाहिए। गांव में किसी तरह का हुड़दंग होने पर सूचना दें।। गांवों में जुआ, अवैध शराब की बिक्री नहीं होनी चाहिए। सूचना मिलने पर चौकीदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली परिसर पर महिला सुरक्षा समिति का गठन किया जाएगा,जिससे महिलाओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए परेशान न होना पड़े। आबकारी निरीक्षक नासिर खान ने कहा त्योहार,चुनाव के दौरान शराब माफिया मध्य प्रदेश सहित अन्य जगहों से शराब कारोबार को लेकर सक्रिय हो जाते है। जिसको लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। जानकारी होने पर सूचना दें। इस दौरान दरोगा योगेंद्र सिंह,फुल्लन सिंह, सोनू श्रीवास्तव, जितेंद्र, धीरेंद्र पटैरिया, रामवीर, अनिल कुमार सिंह समेत कई चौकीदार मौजूद रहे।