उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के झांसी रोड स्थित स्कूल के पास से निकले रेलवे ट्रैक पर मंगलवार को युवक का क्षत-विक्षत शव मिला था। उसकी शिनाख्त उमरारखेड़ा निवासी युवक के रूप में की गई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक को बड़े भाई ने डांट दिया था। हो सकता है कि इसी कारण उसने जान दे दी हो। वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
बुधवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उमरारखेरा निवासी रविंद्र पुत्र संजय रैकवार ने रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव की पहचान अपने भाई पुष्पेंद्र (18) के रूप में की। रविंद्र ने पुलिस को बताया कि उसका भाई अविवाहित था और ऑटो चलाता था। मंगलवार को उसने पुष्पेंद्र से कुछ सामान लाने के लिए कहा। उसने मना किया तो उसने डांट दिया था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। शव मिलने की सूचना पर वह अस्पताल की मोर्चरी पहुंचा था। कोतवाल शिवगोपाल का कहना है कि पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि मामला आत्महत्या का है या फिर हादसे का।