फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: वार्ड-17 में होगी 24 घंटे पानी की आपूर्ति, बनेगा स्मार्ट जल वार्ड

Tue, 27 May 2025 12:06 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
विज्ञापन
विज्ञापन
उरई। जल संकट से जूझ रहे शहर के वार्ड नंबर-17 को जिले का पहला स्मार्ट जल वार्ड घोषित किया गया है। इस वार्ड में अब 24 घंटे पानी की सप्लाई की जाएगी। जल निगम की इस योजना से वार्ड की करीब 10 हजार की आबादी लाभान्वित होगी, लेकिन योजना का सबसे अधिक लाभ सुशील नगर की पांच हजार की आबादी को होगा। योजना पर लगभग 15 करोड़ रुपये खर्च होंगे। काम शुरू कर दिया गया है, जिसे एक साल में पूरा करना होगा।
विज्ञापन

जल निगम ने योजना का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे हाल ही में मंजूरी मिली है। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी करके काम शुरू करा दिया गया है। इस वार्ड में आधुनिक जल प्रबंधन प्रणाली लागू की जाएगी, जिसमें भूमिगत जल टैंक, ऊंची पानी की टंकी, तीन नए नलकूप और 2700 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
सुशील नगर में एक विशेष व्यवस्था की जाएगी, जिसके तहत नलकूपों से निकलने वाला अतिरिक्त पानी बर्बाद नहीं होगा। पहले टंकी भरने के बाद जो पानी व्यर्थ चला जाता था, वह अब सीधे 350 किलोलीटर के भूमिगत टैंक में जाकर संरक्षित हो जाएगा। इस टैंक का पानी बाद में घरों तक सप्लाई किया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यदि नलकूप खराब हो जाए या टंकी में तकनीकी गड़बड़ी आ जाए तो भी जल आपूर्ति बाधित न हो।
विज्ञापन

जल निगम का मानना है कि अगर सुशील नगर में यह स्मार्ट पानी योजना सफल होती है, तो आने वाले समय में इसे अन्य वार्डों में लागू किया जाएगा। यह पूरे जिले में 24 घंटे पानी सप्लाई व्यवस्था की नींव रखने जैसा होगा। हालांकि सुशील नगर को इस योजना से बड़ी राहत मिलने वाली है, लेकिन शहर के कई मोहल्ले जल संकट से जूझ रहे हैं। कांशीराम कॉलोनी, बघौरा की नई बस्ती, चुर्खी रोड, नया पटेल नगर, तुफैलपुरवा, कादरी कॉलोनी, साईं पैलेस के पास जैसे इलाकों में जल आपूर्ति की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। इन मोहल्लों में लगभग 30 हजार की आबादी निवास करती है, जिन्हें रोजाना पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है।
जल निगम के सहायक अभियंता मनोज कुमार ने कहा कि सुशील नगर में पानी की समस्या को दूर करने के लिए जल निगम लगातार प्रयास कर रहा था। शासन से बजट स्वीकृत होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। काम भी शुरू कर दिया गया है। एक साल के अंदर काम पूरा करना होगा। यदि सुशील नगर में स्मार्ट पानी योजना सफल रहती है, तो आगे अन्य वार्डों में भी इस मॉडल को लागू किया जाएगा।

पांच हजार की आबादी को मिलेगा सीधा लाभ
सुशील नगर का वार्ड नंबर-17, जहां अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के आवास हैं, उसके पीछे और नई बस्तियों में पानी की मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं है। करीब पांच हजार की आबादी गर्मी में पानी के संकट से प्रभावित होती है। कई मौकों पर लोगों को प्रदर्शन तक करना पड़ा। यहां जो नलकूप लगाए गए हैं, वे काफी पुराने हैं और पर्याप्त जल नहीं दे रहे हैं।

क्या होगा इस योजना में-
इस योजना में सभी उपभोक्ताओं को निशुल्क कनेक्शन दिए जाएंगे। उन इलाकों में भी पहली बार पानी पहुंचेगा, जो नई बस्ती बसी हुई है। शिवा पैलेस के आसपास की बस्ती को भी योजना में शामिल किया जाएगा। योजना के तहत 1100 किलोलीटर क्षमता की टंकी का निर्माण होगा। 350 किलोलीटर का भूमिगत जल टैंक बनेगा। तीन नए नलकूपों की स्थापना होगी। 2700 किलोमीटर लंबी नई पानी की पाइपलाइन डाली जाएगी। निर्माणाधीन घरों को भी योजना में शामिल किया जाएगा। इस संपूर्ण योजना का उद्देश्य सुशील नगर को जल संकट से स्थायी राहत दिलाना और उसे जिले का मॉडल वार्ड बनाना है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें