- मनरेगा के सोशल ऑडिट में मिली गड़बड़ी पर जुटाई गए अभिलेख
संवाद न्यूज एजेंसी
भरावन। पीपरगांव में आवास की लाभार्थी पुष्पा देवी पत्नी खुशीराम व पुष्पा देवी पत्नी रामगोपाल, नीरज की मजदूरी के 22,989 रुपए का भुगतान सीमा के खाते में कर दिया गया है। ऐसे ही पिपरी नारायणपुर में कलावती को बिना काम किए ही 9,954 रुपए का भुगतान किया गया।
मनरेगा के काम और भुगतान में सोशल ऑडिट में मिली गड़बड़ी पर ब्लॉक सभागार में डीडीओ कमलेश कुमार ने बैठक कर अभिलेख जुटाए। डीडीओ और जिला कॉर्डिनेटर इंद्रभूषण सिंह ने ग्राम पंचायत वार अनियमितता की जानकारी दी। सोशल ऑडिट में 1,72,605 रुपए की अनियमितता मिली है।जबकि 30,26,448 रुपए के अभिलेख नहीं मिले।
बैठक में बताया गया कि बभनौआ टिकरा में पति-पत्नी के जॉबकार्ड पर 100-100 दिन का रोजगार दिया गया है। जिस पर 10,665 रुपए का भुगतान भी किया गया है। 8,70,900 रुपए के भुगतान के अभिलेख नहीं मिले। जाजूपुर में एक ही परिवार के लोगों के अलग-अलग जॉबकार्ड बनाकर 13 दिन की मजदूरी निकाली गई। 3,26,823 रुपए के साक्ष्य टीम को नहीं मिले हैं। कुकुरा में 59,013, महुआ डांडा में 92,904 रुपए की अनियमितता मिली है। 6,73,195 रुपए के अभिलेख नहीं मिले हैं।
सांडा दाखिलौल में तीन कार्यों में सीआईबी नहीं मिले और 15,000 रुपये का भुगतान निकाला गया है। 4,34,813 रुपए के अभिलेख नहीं मिले। सोनिकपुर में रुखसाना में 17,775 रुपए का भुगतान निकाला गया। बकवा में 4,80,162 रुपए के साक्ष्य नहीं मिले। डीडीओ ने बैठक कर पंचायत सचिव और रोजगार सेवकों से अभिलेखों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बताया टीम गठित कर दोबारा जांच कराई जाएगी। बीडीओ राजीव गुप्ता, ब्लॉक कॉर्डिनेटर अभिषेक रंजन आदि मौजूद रहे।