डकोर में कुएं से निकलता गंदा पानी दिखाते राधेश्याम
- फोटो : ORAI
मुहम्मदाबाद (जालौन)। डकोर में पानी की सप्लाई करने वाली टंकी की मेन लाइन छह दिन पहले फटने से पानी समस्या खड़ी हो गई है। कस्बे के लोग पानी को परेशान हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि छह दिन बीतने के बाद भी विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जबकि ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को परेशान हो रहे हैं। अधिकांश हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। नाराज ग्रामीणों ने नारेबाजी भी की।
डकोर में पानी की आपूर्ति के लिए बनी टंकी की मेन लाइन छह दिन पहले फट गई थी। जिससे पानी की आपूर्ति बंद हो गई। भीषण गर्मी और उमस में लोग परेशान है। पानी के लिए बर्तन लेकर इधर-उधर भटक रहे हैं। गांव के योगेश, ब्रजराज सिंह, शिवनाथ, गेंदालाल, लक्ष्मीप्रसाद, प्रभुदयाल, लखनऊ, महिपाल सिंह, बलदाऊ, माताप्रसाद, ब्रजेश आदि का कहना है कि डकोर में 81 हैंडपंप है। इसमें 31 रीबोर के लिए पड़े है। जबकि अन्य हैंडपंप भी छोटी मोटी कमियों के कारण खराब पड़े हैं।
गांव की पंद्रह हजार की आबादी में पानी के लिए दस कुएं थे, वह भी सूख गए हैं। एक दो कुओं में पानी तो है लेकिन उनमें कीचड़ के साथ मिट्टी भी आ रही है। ऐसे में गांववाले पेयजल को परेशान हैं। जबकि विभागीय अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। पानी के लिए परेशान डकोर के बाशिंदों ने मंगलवार को नलकूप के पास खड़े होकर नारेबाजी की और अधिकारियों से मांग की कि टूटी फटी मेन लाइन की मरम्मत कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए। इस बाबत जल संस्थान की महाप्रबंधक मंजूरानी गुप्ता का कहना है कि वे अभी विभागीय जेई को मौके पर भिजवा रही है। जल्द ही समस्या का निदान कराया जाएगा।
डकोर स्थित ट्यूबवेल के सामने नारेबाजी करते ग्रामीण- फोटो : ORAI