कदौरा। ब्लाक कार्यालय परिसर में बीडीओ की अध्यक्षता में बैंकर्स की बैठक हुई। जिसमें प्रवासी मजदूरों को प्राथमिकता के आधार पर लोन देने व स्वयं सहायता समूहों के बैंकों में खाते खोलने के निर्देश दिए गए।
मंगलवार को ब्लाक कार्यालय परिसर में ब्लॉक बैंकर्स कमेटी की बैठक में उपायुक्त स्वरोजगार अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में चल रहे, समूहों व सीसीएल के खाते जल्द खोले जाए, ताकि समूह की महिला सदस्यों को अपना जीवन यापन व कार्य करने में कोई परेशानी न हो साथ ही उनकी बैंक संबंधित समस्याओं को ब्लाक कार्यालय में तैनात एनआरएलएम के कर्मी समाधान करें, कोई शिकायत न मिले।
बीडीओ अतिरंजन सिंह ने बैंक मैनेजरों से कहा कि सरकार द्वारा संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वरोजगार योजना के तहत प्रवासी मजदूरों को प्राथमिकता के आधार पर लोन उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें रोजगार करने में कठिनाई न हो। उन्होंने मौजूद बैंक कर्मियों को निर्देश दिए कि किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। इस मौके पर प्रभारी समाज कल्याण अधिकारी मोहित कुमार, भगवानदास, अजय कुमार, सुनील, मनोज गुप्ता सहित आटा, इटौरा, कदौरा, उदनपुर, परासन बैंकों के मैनेजर मौजूद रहे।