संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुरा। रोडवेज बसों के अचानक बंद हो जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन सेवा का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जनप्रतिनिधियों ने बसों को हरी झंडी दिखाकर संचालन शुरू कराया था लेकिन कुछ समय बाद बिना किसी पूर्व सूचना के सेवाएं बंद कर दी गईं।
रामपुरा क्षेत्र में बस सेवा ठप होने से ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही प्रभावित हुई है। जायघा, हनुमंतपुरा, जगम्मनपुर, ऊमरी, गोहन जैसे मार्गों पर बसों का संचालन बंद हो चुका है। इन बसों के जरिए बड़ी संख्या में ग्रामीण बाजार, अस्पताल व अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यात्रा करते थे लेकिन अब उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र से संचालित उरई-जगम्मनपुर, उरई-दिल्ली वाया जगम्मनपुर-कंजौसा, जगम्मनपुर-महोबा व उरई-माधौगढ़-रामपुरा-उदी मोड़ वाया आगरा केला देवी कई अहम बस सेवाएं बंद की जा चुकी हैं।
जायघा के प्रधान सौरभ सिंह राजावत, शिवराज सिंह, जगजोर सिंह, जगम्मनपुर के प्रधान प्रज्ञादीप गौतम, सतीश पचौरी (हनुमंतपुरा) और शिवबालक मिश्रा नरौल आदि ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बस संचालन बंद होने से यात्रियों को परेशानियां हो रही है। एआरएम कमल किशोर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने मीटिंग में व्यस्त होने की बात कहकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।