जालौन। बिजलीघर में शुक्रवार को दो बार खराबी आई। सुबह खराबी के कारण 4 घंटे तथा रात में खराबी के कारण 10 घंटे बिजली गुल रही। 16-17 घंटे बिजली गुल होने के कारण लोग गर्मी में बेहाल हो गए। इस कारण जलापूर्ति न होने से परेशानी और बढ़ गई।
उरई मार्ग स्थित बिजलीघर में सुबह 6 बजे मशीन में आई खराबी के कारण करीब चार घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके बाद कटौती के कारण बिजली आती जाती रही। शाम को अचानक बालाजी मंदिर के पास रखे ट्रांसफार्मर में खराबी के कारण बिजली घर में खराबी आ गई। इस कारण शाम 5 बजे से दोबारा बिजली गुल हो गई। दिन में दूसरी बार बिजलीघर में खराबी आने से बिजली विभाग भी सकते में आ गया। एसडीओ कौशलेंद्र सिंह, जेई पैश्वनीराम, टीजी 2 नरेंद्र सोलंकी, सामीर अली, सुरेश की टीम बिजलीघर में आई खराबी को ठीक करने में जुट गई। 8 घंटे के प्रयास के बाद शनिवार की भोर में साढ़े तीन बजे बिजली आपूर्ति चालू हो सकी। पूरी रात बिजली न आने के कारण लोगों की रात की नींद हराम हो गई। इस कारण लोगों की नींद पूरी नहीं हुई। उधर, शुक्रवार की शाम से शनिवार की सुबह तक नगर की जलापूर्ति भी प्रभावित रही। जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। शुक्रवार को 16-17 घंटे बिजली कटने के कारण लोग गर्मी से बेहाल हो गए।