कदौरा। ब्लाक क्षेत्र की गोशाला की अव्यवस्थाओं और मवेशियों की मौत के वीडियो वायरल होने के बाद अब कदौरा में भी घटना हुई है। यहां पर एक और वीडियो वायरल हुआ है। इसमें मृत गोवंश को ट्रैक्टर से बांधकर घसीटा जा रहा है। इसके आने के बाद से विश्व हिंदू परिषद के नेताओं व पदाधिकारियों में आक्रोश है। पदाधिकारियों ने आस्था से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अमर उजाला इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें पंडौरा की गोशाला से मृत गोवंश को ट्रैक्टर में बांधकर घसीटकर ले जाते हुए दिखाया जा रहा है। वीडियो वायरल होते ही ग्रामीणों ने इसकी शिकायत ब्लाक के अधिकारियों से की, पर कोई नहीं पहुंचा। वायरल वीडियो को देखने के बाद विश्व हिंदू परिषद प्रमुख मोनू पंडित ने ब्लाक के अधिकारियों और कर्मचारियों पर आस्था से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। गांव के बबलू द्विवेदी, बउआ तिवारी व दीपू ने बताया कि वीडियो सोमवार दोपहर का है। यह घटनाक्रम ग्राम प्रधान व नए सचिव के सामने का बताया जा रहा है।
----------
इन पर हुई अभी तक कार्रवाई
मरगांया गोशाला के पास गोवंशों के शवों का वीडियो वायरल होने पर हिंदूवादी संगठनों ने विरोध जताया, तो ग्राम विकास अधिकारी मनोज कुमार को निलंबित कर दिया गया। जबकि मरगांया प्रधान मोनी देवी, पंडौरा प्रधान रामनारायण, कठपुरवा प्रधान कविता किरन, आटा प्रधान रामकुंवर व आटा के ग्राम विकास अधिकारी द्वारिका प्रसाद गुप्ता को नोटिस जारी कर 15 दिनों में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।