आटा। 20 हजार की आबादी वाले कस्बे में एक सफाई कर्मी की तैनाती और उस पर भी उसकी मनमानी। जब मर्जी हो आए, न मर्जी हो तो न आए। गंदगी से जूझ रही ग्राम पंचायत में अचानक सफाई कर्मियों की फौज उतरने पर वहां रहने वाले लोगों को कौतूहल हुआ। आखिर प्रशासन को साफ-सफाई की सुध कैसे आ गई। सुबह से अधिकारियों का अमला भी गांव में निरीक्षण-निर्देश और व्यवस्था सुधार में तत्पर दिख रहा था। जब गांव में सुबह से ही हलचल बढ़ी तो लोगों ने जानकारी की। बताया गया कि एक मई को यहां उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी विभाग में राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल आ रहे हैं।
कालपी तहसील और कदौरा ब्लाक के तहत आने वाले आटा ग्राम पंचायत में राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल रविवार को लाला हरदौल उपवन में जनचौपाल लगाएंगे। वे ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ-साथ यहां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पार्क ,गोशाला , प्राथमिक विद्यालय , शौचालय आदि की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर सकते हैं। राज्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर शुक्रवार को गांव में काफी गहमागहमी रही। प्रशासन व्यवस्थाओं को सुधारने में जुटा रहा है।
एसडीएम कालपी अंकुर कौशिक , तहसीलदार बलराम गुप्ता ने कस्बे का जायजा लिया। एसडीएम आटा-अकोढ़ी रोड पर स्थित कृष्णा गौशाला पहुंचे। इस मामले में ग्राम सचिव द्वारिका प्रसाद ने कहा कि गांव में सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाकार लोगों को गंदगी से निजात दिलाने के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे।
ञ्-----------------
बोले ग्रामीण
आटा निवासी राजू सविता का कहना है कि सुबह साफ-सफाई और प्रशासन की सक्रियता से मंत्री के आने की जानकारी हुई। हम लोगों को मंत्री से रूबरू होने का मौका मिला तो उनके सामने गांव की समस्याएं जरूर रखेंगे।
आटा निवासी धीरज तिवारी ने कहा कि हमारे कस्बे में जगह-जगह गंदगी पसरी हुई है। हमें तो मंत्री के आने का पता ही तब चला जब यहां साफ-सफाई के लिए बड़ी संख्या में सफाई कर्मी पहुंचे। अच्छी बात है मंत्री आ रहे हैं, कम से कम अपनी समस्याएं रखने का मौका मिलेगा।