जालौन। उरई मार्ग पर भिटारा के पास शनिवार की देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार शिक्षक को टक्कर मार दी। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। उधर, घर में शिक्षक की मौत की खबर पहुंचते ही मातम छा गया।
सहावनाका निवासी अजय कुमार गुप्ता उर्फ अकेला (58) शनिवार को किसी काम के चलते उरई गए थे। देर रात करीब 10 बजे बाइक से वह उरई से वापस घर लौट रहे थे। तभी उरई मार्ग पर भिटारा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिर गए। हेलमेट न लगाने के कारण उनके सिर में चोट लग गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही शिक्षक की मौत की खबर घर पर पहुंची। घर में मातम पसर गया। पुलिस ने विधिक कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
---
बुजुर्ग के साथ मारपीट, मामला दर्ज
जालौन। दबंगई को लेकर दो लोगों में विवाद हो गया। विवाद में अधेड़ ने वृद्ध के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। क्षेत्र के खंडेराव निवासी चोखे यादव के साथ मोहल्ले के ही संजीव दबंगई को लेकर गालीगलौज करने लगे। जब वृद्ध ने गाली देने से मना किया तो अधेड़ ने उसके साथ मारपीट कर दी। पीड़ित वृद्ध की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। (संवाद)