कोंच। बिजली की बेपटरी आपूर्ति के कारण इन दिनों नौतपा की भीषण गर्मी में कोंच नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में हायतौबा मची है। पिछले तकरीबन एक सप्ताह से अनियमित आपूर्ति से नगर व क्षेत्रवासियों में नाराजगी है।
एक सप्ताह के अंदर ही नगर के कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति के लिए रखे ट्रांसफार्मर धड़ाम होने से उन मोहल्लों में दो-दो दिनों तक बिजली की आपूर्ति नहीं हो पाई। इससे लोगों के दिन का चैन और रातों की नींद हराम है। लोग हवा, पानी तक के लिए तरस गए। बिजली व्यवस्था का आलम यह है कि बिजली की आपूर्ति अगर निरंतर रूप से आधा एक घंटे भी मिल जाए तो बड़ी बात है। इधर, ट्रांसफार्मरों में छोटी मोटी खराबी आ जाने, लाइन में फॉल्ट हो जाने, लाइन जल जाने, लाइन टूटकर गिर जाने आदि कारणों से बिजली आपूर्ति कई कई घंटे बंद रहती है। नागरिक मनोज, गौरव, दिनेश प्रताप, विनोद सिंह आदि का आरोप है कि बिजली आपूर्ति की जानकारी लेने के लिए जब विभागीय अधिकारी, कर्मचारी या पावर हाउस का मोबाइल नंबर मिलाया जाता हैं पर रिस्पांस नहीं मिलता। लोगों ने सांसद भानु प्रताप वर्मा, विधायक मूलचंद्र निरंजन एवं डीएम प्रियंका निरंजन से बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
---
ओवरलोडिंग बढ़ी है परेशानी
नगर में बीते करीब एक सप्ताह से बाधित बिजली व्यवस्था को लेकर एसडीओ गौरव कुमार ने कहा कि गर्मी के इन दिनों में पुरानी बिजली लाइन में फॉल्ट आ जाने, ओवरलोड के चलते ट्रांसफार्मर में खराबी आ जाने आदि कारणों के चलते परेशानी सामने आ रही है। उनका प्रयास है कि उपभोक्ताओं को बिजली के लिए परेशान न होना पड़े और निर्बाध आपूर्ति मिल सके।