कोंच। कोरोना महामारी के इस दौर में जहां दुकानदार, व्यापारी, मजदूर रोजी रोटी गंवा कर आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। वे किसी तरह परिवार का पेट भरने में लगे हैं। ऐसे में अधिवक्ताओं ने भी कोविड काल में आर्थिक बदहाली का हवाला देकर सरकारी मदद की मांग की। शनिवार को बार संघ कोंच के अध्यक्ष संजीव तिवारी की अगुवाई में वकीलों के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम अशोक कुमार से मुलाकात कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन दिया। वकीलों ने बताया कि कोरोना काल में न्यायिक कार्य बंद होने से अधिवक्ताओं के सामने भी आर्थिक तंगी है। उन्हें भी सरकारी मदद की जरूरत है। ज्ञापन में कहा कि कोरोना के कारण दिवंगत अधिवक्ताओं को तत्काल पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। साथ ही कोरोना से बचाव के लिए अधिवक्ताओं को वैक्सीन दी जाए, कोविड संक्रमित वकीलों के लिए मेडिकल में अलग से व्यवस्था हो, वकीलों को भी कोरोना किट दी की जाएं। ज्ञापन देने वालों में बार संघ अध्यक्ष संजीव तिवारी, ओमशंकर अग्रवाल, शौकत अली, योगेंद्र, अफजाल खान, श्रीराम गुप्ता, हरीसिंह निरंजन आदि मौजूद रहे। (संवाद)
------
एक माह बाद भी नहीं लगे खंभे
कोंच। लगभग एक महीने पहले आई आंधी में सिमिरिया गांव की बिजली लाइन के छह खंभे गिर गए थे, जिसके चलते महीने भर से आपूर्ति बाधित है। इस कारण निजी नलकूप न चल पाने के कारण फसलों को पानी नहीं मिल पा रहा है और फसल बर्बाद हो रही हैं। सिमिरिया निवासी किसान रामसिंह ने शनिवार को एसडीएम से शिकायत की। बताया कि सिमिरिया के लिए ग्राम पनयारा से निकली लाइन के छह खंभों को गिरे महीना भर हो गया है पर अभी तक खंभे नहीं लगाए गए हैं। इसलिए खंभे बदलवाने की मांग की है। (संवाद)