कालपी के मोहल्ला महमूदपुरा में कच्चा मकान गिरने के बाद बैठे ग्रह स्वामी
- फोटो : ORAI
कालपी। कस्बे में शुक्रवार की रात मूसलाधार बारिश के कारण नगर के मोहल्ला महमूदपुरा में एक कच्चा घर गिर गया। घर की चपेट में आकर दंपती समेत चार लोग दब गए। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने दबे लोगों को निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की सूचना पाकर सुबह क्षेत्रीय लेखपाल प्रमोद दुबे के साथ नगर पालिका परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार मौके पर पहुंचे व पीड़ित परिवार को आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।
नगर के मोहल्ला महमूद पुरा बाई घाट रोड में महेश अहिरवार पत्नी और बच्चों के साथ घर में रहता था। शुक्रवार की रात में बरसात होने की वजह से घर गिर गया। जिसकी चपेट में आकर महेश, पत्नी मालती देवी, दो पुत्रियां अंगूरी एवं नेहा दब गई। सदर लेखपाल प्रमोद दुबे ने बरसात से क्षतिग्रस्त घर का सर्वे करके उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त घर के स्वामी को राजस्व विभाग के द्वारा अहेतुक सहायता प्रदान कराई जाएगी । (संवाद)