कदौरा। दूसरी किस्त लेने के बाद भी प्रधानमंत्री आवास न बनवाने वालों पर प्रशासन ने डंडा चलाना शुरू कर दिया है। शनिवार को पालिका ईओ ने 10 लाभार्थियों को नोटिस जारी कर दस दिन का समय दिया है। ईओ ने बताया कि तय समय में निर्माण न करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना नगरीय कस्बे में 300 लाभार्थियों को पात्रता के आधार पर चयनित किया गया था। इनको प्रथम व द्वितीय किस्त भी दी गई थी। विगत दिनों ईओ सुनील कुमार सिंह ने आवासों की स्थिति परखने के लिए कस्बे के विभिन्न वार्डों में निरीक्षण किया था। आवास निर्माण कार्य अधूरे होने पर नाराजगी जताई थी। शनिवार को ईओ सुनील कुमार सिंह के आदेश पर डूडा जेई सुशील कुमार सिंह ने कस्बे के मोहल्ला पुरवा कुर्याता, सिद्धार्थनगर, कटरा, अस्तबल में पहुंच कर आवासों का निरीक्षण किया। इसमें निर्माण कार्य रुका होने पर लाभार्थियों को चेतावनी देते हुए जल्द निर्माण के लिए कहा। उन्होंने कहा कि 15 दिन के अंदर निर्माण कार्य पूरा नहीं किया तो संबधित लाभार्थियों पर कार्रवाई की जाएगी।
ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 297 आवास स्वीकृत हुए थे, जिनमें 262 लाभार्थियों को प्रथम व द्वितीय किस्त दी गई थी। जिसमें 10 लाभार्थियों ने दूसरी किस्त लेने के बाद भी निर्माण कार्य बीम के बाद पूरा नहीं किया है। उनको नोटिस जारी कर तीन दिवस में जवाब मांगा है। जवाब न मिलने पर उन पर कार्रवाई की जाएगी।