कोंच। कोंच और माधौगढ़ तहसील में दूरदराज के ग्रामीण इलाकों की जर्जर सड़कों के दिन जल्द बहुरेंगे। विधायक मूलचंद्र निरंजन ने अपने विधानसभा क्षेत्र की 18 सड़कों की धनराशि शासन से स्वीकृति कराई है। कोंच एवं नदीगांव क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े कई संपर्क मार्गों को नए सिरे से बनाने के लिए शासन स्तर पर पैरवी कर धनराशि सहित मंजूरी दिलाई है।
विधायक ने बताया कि कोंच क्षेत्र में ग्राम ताहरपुरा से लेकर ग्राम छानी के बीच 2.90 किमी दूरी का संपर्क मार्ग 2.40 करोड़ रुपये, ग्राम गुरावती से ग्राम चमरसेना के बीच 1.45 किमी दूरी का संपर्क मार्ग 1.02 करोड़ रुपये, ग्राम बरसेसी से ग्राम दिरावटी के बीच 500 मीटर दूरी का संपर्क मार्ग करीब 31 लाख रुपये व नदीगांव क्षेत्र के ग्राम रेंढऱ से ग्राम मारकपुरा के बीच 1.90 किमी दूरी का संपर्क मार्ग 1.38 करोड़ लाख रुपये की धनराशि से पूरा किया जाएगा। (संवाद)
----
फोटो-23-कोंच के नए बीडीओ अंगद यादव।
अंगद ने ग्रहण किया बीडीओ पद का चार्ज
कोंच। कोंच में रिक्त चल रहे बीडीओ के पद का चार्ज शुक्रवार को 2018 बैच के पीसीएस अधिकारी अंगद कुमार यादव ने संभाल लिया है। पत्रकारों से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना कर्फ्यू के दौरान बाहर से आने वाले प्रवासी लोगों का ध्यान रखा जाएगा। उन्हें उनके गांव में काम दिलाया जाएगा। कोरोना संक्रमण की रोकथाम को क्षेत्र के गांवों में सैनिटाइजेशन अभियान व कोरोना दवा किट का वितरण कराया जाएगा, साथ ही वैक्सीन लगवाने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया जाएगा। विदित हो कि अंगद कुमार यादव इससे पूर्व तहसील माधौगढ़ में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट के रूप में पदस्थ थे। (संवाद)