महेवा। ट्रैक्टर पर बैठकर चाचा के साथ जा रहा किसान अचानक नीचे गिर गया। हादसे में ट्रैक्टर का पहिया अधेड़ पर चढ़ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने अधेड़ के शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चुर्खी थाना क्षेत्र के नूरपुर निवासी चंद्रशेखर (45) मंगलवार की देर रात ट्रैक्टर से भूसा लेने चाचा मगन के साथ जा रहा था। सड़क पर गड्ढे होने के चलते ट्रैक्टर को झटका लगा और बोनट पर बैठा चंद्रशेखर नीचे गिर गया। जिससे वह ट्रैक्टर के पहियों की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को जैसे ही हादसे की जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। मृतक किसान के तीन बेटी व दो पुत्र है। बड़ी बेटी की 20 जून को शादी है। पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि घर पर शादी की तैयारी चल रही थी। अब कौन और कैसे बेटी के हाथ पीले करेगा।