सिरसाकलार। किसान के घर से चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर व नकदी पार कर दिए। छत पर सो रहे परिजन जब सुबह उठकर नीचे आए तो घर में बिखरा सामान और जेवर गायब देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। किसान ने चोरी की तहरीर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के तरसौर गांव निवासी किसान रनबहादुर सिंह के घर में बुधवार की रात घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लाकर तोड़ दिया। इसके बाद उसमें रखे सोने की आठ चूड़ी, 11 अंगूठी, दो हार, तीन जंजीर समेत एक जोड़ी झुमकी, एक मंगलसूत्र, नौ चांदी के सिक्के, दो चांदी की चूड़ी, पायल, तोड़िया और चार हजार रुपये चोरी कर लिए। सुबह जब गृहस्वामी की पत्नी गीता देवी छत से नीचे कमरे में पहुंची तो बिखरा सामान व जेवर गायब देख चीखने चिल्लाने लगी। इस पर आसपास के लोग आ गए। घर के बाहर खेत में बरगद के पेड़ के नीचे जेवरों के खाली डिब्बे पड़े मिले। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर साक्ष्य एकत्रित किए।
गृहस्वामी रनसिंह ने बताया कि छोटा बेटा बीएसएफ में है, जबकि बड़ा बेटा प्राइवेट नौकरी करता है। चोर पत्नी व दोनो बहुओं के जेवर चोरी कर ले गए है। थानाध्यक्ष दिव्य प्रकाश तिवारी का कहना है कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल कर जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
---------
बिजली न आने पर छत पर सो रहे थे परिजन
गृहस्वामी का कहना है कि गांव में पिछले पांच दिनों से बिजली नहीं आ रही थी। जिसके चलते पूरे गांव में अंधेरा था। वह लोग कमरे बंद कर छत पर सो रहे थे। जिससे उन्हें चोरों की कोई आहट नहीं मिल पाई।