सिरसाकलार। गोद भराई की रस्म के दौरान रिश्तेदार युवक ने तमंचे से फायर कर दिया। इसका वीडियो बनाकर किसी ने वायरल कर दिया। पुलिस ने मामले की जानकारी होने पर युवक को गिरफ्तार कर तमंचा भी बरामद कर लिया।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के निपनिया गांव निवासी कन्हैया लाल दोहरे की पुत्री की बुधवार की शाम को गोद भराई की रस्म थी। जिसमें वर पक्ष का रिश्तेदार वीर सिंह निवासी दलालनटोला जालौन ने तमंचे से हर्ष फायरिंग कर दी। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं, बच्चों में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद किसी ने हर्ष फायरिंग का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मामला जब पुलिस के सज्ञान में आया तो पुलिस ने छानबीन कर युवक को गिरफ्तार कर तमंचे भी बरामद कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी कें खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। (संवाद)
----------
मोबाइल छीनने के विरोध में युवक को चाकू मारा
कुठौंद। मोबाइल छीनने के विरोध पर नशेबाज ने युवक को चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। सूचना पाकर पहुंची थाना पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद दबिश देकर आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इंस्पेक्टर अरुण तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के पतराही गांव निवासी रामवीर (19) बुधवार की शाम 8 बजे गांव के बाहर बनी पुलिया पर बैठकर मोबाइल में काम कर रहा था। तभी गांव का ही राघवेंद्र सिंह शराब के नशे में वहां से गुजरा और रामवीर का मोबाइल छीनने लगा। विरोध किया तो राघवेंद्र अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस पर दोनों में छीनाझपटी होने लगी। राघवेंद्र ने चाकू निकालकर रामवीर के पेट में कई वार कर दिए। राहगीरों की सूचना पर थानाध्यक्ष अरुण तिवारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। आननफानन में रामवीर को अस्पताल भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी राघवेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया। (संवाद)