जालौन की मृतका श्वेता की फाइल फोटो।
- फोटो : ORAI
माधौगढ़। वैष्णो देवी मंदिर पर भगदड़ के दौरान जान गंवाने वाली श्वेता की मौत की जानकारी मिलते ही जालौन स्थित उसकी ससुराल में चीख पुकार मच गई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव डिकौली निवासी विक्रांत सिंह मर्चेंट नेवी में हवलदार के पद पर सिंगापुर में तैनात हैं। उनकी पत्नी श्वेता (26) दिल्ली में सीनियर इंटीरियर डिजाइनर पद पर कार्यरत थीं। वह अपने मायके गाजियाबाद में रह रहीं थीं। ससुरालियों के अनुसार दो दिन पहले श्वेता गाजियाबाद निवासी बहन सरिता, भाई राकेश सिंह, चचेरे भाई गजेंद्र सिंह के साथ वैष्णो देवी मंदिर गई थीं। मंदिर में शनिवार की सुबह हुई भगदड़ में श्वेता की मौत हो गई। मौत की खबर जैसे ही उनकी ससुराल डिकौली में आई तो कोहराम मच गया। ससुर रामपाल सिंह, सास मिथला का रो-रोकर बुरा हाल है।
------
मंदिर जाने से पहले ससुर से हुई थी बात
ससुर रामपाल सिंह ने बताया कि पुत्र विक्रांत की शादी गाजियाबाद निवासी श्वेता से नवंबर 2016 में हुई थी। बहू श्वेता दिल्ली में नौकरी करती थी और गाजियाबाद मायके में रहती थी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले गुरुवार को श्वेता का फोन आया था। उसने सास और मुझसे कहा था कि पापा वैष्णो देवी मंदिर जा रहे हैं। क्या पता था कि बहू से ये आखिरी बात थीं।
--------
एक साल पहले आए थे जालौन
ससुरालियों के अनुसार, विक्रांत और श्वेता अंतिम बार एक साल पहले जनवरी 2021 में गांव आए थे। उसके बाद कोरोना आ गया। इस बीच श्वेता पॉजिटिव भी हो गईं थीं। तब से दोनों गांव जल्दी आने की बात कहते थे।