सिरसाकलार। दो दिन पहले हादसे में घायल हुए दो युवकों में से एक युवक की उपचार के दौरान दिल्ली में मौत हो गई। रविवार को शव गांव पहुंचने पर कोहराम मच गया। परिजनों की तहरीर पर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के जहटौली गांव निवासी सुंदरलाल गुप्ता का (22) गांव के ही युवक विमलेश पांडेय के साथ बाइक से शुक्रवार को गांव से सिरसाकलार किराना की दुकान खोलने जा रहा था। रास्ते में ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी थी। जिससे राहुल व विमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों को जानकारी होने पर दोनों को जालौन सीएचसी पहुंचाया था। जहां से डाक्टरों ने ग्वालियर रेफर कर दिया था। जहां से परिजन उसे दिल्ली ले गए थे। शनिवार को उपचार के दौरान राहुल की दिल्ली में मौत हो गई। परिजन रविवार की दोपहर शव लेकर गांव पहुंचे।
पिता सुंदरलाल, मां ऊषा, पत्नी प्रीति व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि राहुल परचून की दुकान चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। ढाई वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। ग्रामीणों ने भाग रहे ट्रैक्टर का पीछा कर दमरास गांव से ट्रैक्टर को पकड़ लिया था। जबकि चालक मौके से भाग गया था। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया था। राहुल के पिता की तहरीर पर पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि ट्रैक्टर मडै़या गांव का है। तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस ट्रैक्टर चालक व मालिक का पता नहीं लगा पाई है। थाना प्रभारी अजय सिंह का कहना है पिता द्वारा तहरीर मिल गई है ट्रैक्टर के चेचिस नंबर से वाहन मालिक का पता किया जा रहा है अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।