कदौरा। सवारी लेकर हमीरपुर जा रही रोडवेज बस के परिचालक ने तीन बाइक सवारों युवकों पर बस रोककर मारपीट करने और कैश भरे बैग को लूटने का आरोप लगाया है। परिचालक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जनपद जालौन के कोंच के मोहल्ला गांधी नगर निवासी रोडवेज परिचालक रविकांत ने रविवार कदौरा थाना पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। इसमें बताया कि शनिवार शाम वह चालक मयंक मांडलिक हमीरपुर डिपो की बस को लेकर कदौरा से हमीरपुर जा रहा था। उदनपुर के समीप तीन युवक बाइक से आए और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर बस से खींच कर लाठी डंडो से मारपीट करने लगे। बचाने आए चालक के साथ भी मारपीट की। इसी बीच अन्य सवारियों ने भी बीच बचाव का प्रयास करते हुए पुलिस को सूचना दी। युवकों ने रुपयों भरा बैग भी छीनने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस को देख तीनों युवक मौके पर भाग गए। मारपीट से परिचालक को चोट आई है। प्रभारी निरीक्षक उमाकांत ओझा ने कहा कि मामले की जांच कर मुकदमा लिखा जाएगा।