वायरल वीडियो से निकाले गए घायल युवक की फोटो
- फोटो : ORAI
उरई (जालौन)। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में छह-सात युवक न सिर्फ उसे लात-घूंसों से पीट रहे हैं, बल्कि एक हमलावर उस पर पेशाब करते हुए भी दिखाई दे रहा है। वीडियो के तार रिटायर्ड हेड कांस्टेबल की आत्महत्या के मामले से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। सीओ सिटी संतोष कुमार का कहना है कि वीडियो तीन दिन पुराना है। मामले में सात लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट भी दर्ज है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
शुक्रवार की सुबह जेल रोड के पास मंदिर जाते वक्त युवक की बेहरमी से पिटाई का वीडियो वायरल होते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। वीडियो में दिखाया कि बिना कपड़ों के एक युवक पर छह-सात लड़के लात घूंसे, बेल्ट और लोहे की राड बरसा रहे हैं। एक हमलावर तो घायल पर पेशाब करता भी नजर आ रहा है। चर्चा थी कि वीडियो हेड कांस्टेबल श्यामाचरण के बेटों व उनके साथियों का है और पिटने वाला युवक का नाम योगेश है। वह पटेल नगर निवासी है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने योगेश से पूछताछ के बाद मामले में दो लोगों को उठाया भी है।
बता दें कि बीती 3 मार्च को श्यामाचरण ने बेटों की लड़ाई झगड़े के कारण ही खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। वहीं सीओ का कहना है कि वीडियो से श्यामाचरण के मामले का कितना संबंध है, इसकी जांच की जाएगी। फिलहाल उक्त मारपीट के मामले में पूर्व से ही रिपोर्ट दर्ज है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं दूसरी ओर, शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मरगया निवासी रविंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र के ही बाबू ने बीती चार मार्च को उसके घर के बाहर उसे व उसके बेटे के साथ मारपीट की। पुलिस ने बाबू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।