फोटो-23 पुलिस को घटना की जानकारी देती महिला। संवाद
कोंच। तहसील परिसर में शुक्रवार दोपहर एक युवक ने अधिवक्ता के बस्ते पर एक महिला के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर गाली-गलौज, अभद्रता, जान से मारने की धमकी देने और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
कानपुर निवासी वंदना शुक्ला ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शुक्रवार दोपहर तहसील परिसर आई थीं। इसी दौरान उनका एक रिश्तेदार युवक अनूप सोनकिया वहां पहुंचा और उनके साथ गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर युवक ने उनके साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से मारपीट की गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महिला ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक अनूप सोनकिया के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।