माधौगढ़। गोपालपुरा में बिना स्टीमेट, बिना कार्ययोजना के आठ लाख रुपये की लागत से डाली गई सीसी रोड का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम ने सीसी को श्रमदान घोषित करने के निर्देश दिए। एडीओ व सचिव के द्वारा बुलाई गई खुली बैठक में कोरे कागज में हस्ताक्षर कराने पर ग्रामीणों ने हो हल्ला किया।
बता दें कि नवंबर 2019 को प्राथमिक विद्यालय से दिलीप यादव के मकान तक लगभग 200 मीटर सीसी आठ लाख रुपये से डलवाई जा रही थी। ग्रामीण महेंद्र, रामनरेश, सौरभ, रामू की शिकायत पर डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ ने मौके पर जाकर जांच की थी। जांच में पाया कि बिना स्टीमेट, बिना कार्ययोजना से कार्य कराया जा रहा है।
इस पर डीपीआरओ ने कार्य को रुकवाकर डीएम को रिपोर्ट सौंप दी थी। गुरुवार को एडीओ पंचायत छेदालाल, सचिव अश्वनी गुबरेले ने बैठक बुलाई। ग्रामीणों का आरोप था कि सचिव दूसरी पार्टी से मिलकर सीसी सड़क निर्माण के रुपये निकालने की जुगत में है। इसके लिए दबाव बना रहे है। इस पर ग्रामीणों ने हो हल्ला किया।