उरई। जिला अस्पताल के सीटी स्कैन में देरी का आरोप लगाकर दो लोगों ने हंगामा कर दिया। स्टाफ की सूचना पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके चलते करीब एक घंटे काम प्रभावित रहा।
करमेर निवासी ब्रजलाल व नदीगांव निवासी देवसिंह शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे जिला अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष में पहुंच गए। उन्होंने कहा कि हम लोग गुरुवार को सीटी स्कैन के लिए आए थे लेकिन तब नहीं हो पाया था। आज फिर उन्हें परेशान किया जा रहा है। इसके बाद वह गेट पर खड़े होकर हंगामा करने लगे। इस पर सीटी स्कैन टेक्नीशियन आकांक्षा गौतम, स्टाफ नर्स जीशान व वार्ड बॉय अनुज ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने।
इसके बाद बाहर खड़े अन्य मरीजों ने भी दोनों को समझाने की कोशिश की लेकिन वह सुनने को तैयार नहीं थए। इस पर टेक्नीशियन ने इसकी सूचना जिला अस्पताल की पुलिस चौकी को दी। पुलिस के आने की सूचना पर दोनों लोग भागने लगे। इस पर एक कर्मचारी ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस चौकी के हवाले कर दिया। पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने दोनों से पूछताछ कर रहे हैं।