कुठौंद थाने में किन्नर अपनी समस्या बताते
- फोटो : ORAI
कुठौंद। कस्बे की किन्नर गद्दी व गांवों के बंटवारे को लेकर किन्नरों के दो गुटों में विवाद चल रहा है। सोमवार को विवाद निपटाने के लिए किन्नरों ने महापंचायत बुलाई थी, लेकिन पंचायत में भी दोनों पक्षों में समझौता नहीं हुआ। इससे आक्रोशित दोनों पक्षों के किन्नर थाने पहुंच गए और एक दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। किन्नारों के हंगामे से पुलिस भी हलाकान रही।
कस्बे की किन्नर गद्दी पर आसीन दिलावर खान की मौत के बाद उनकी गुरु रेखाबाई जालौन व चेला मौसम व काजल बाई के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को किन्नरों ने इस विवाद को लेकर महापंचायत का आयोजन किया था। जिसमें जिने के साथ साथ झांसी जिले के किन्नरों ने भी सहभागिता की। दोपहर को शुरू हुई पंचायत शाम तक बेनतीजा रही। इससे आक्रोशित किन्नर एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए थाने पहुंच गए। कुठौंद थानाध्यक्ष सुधाकर मिश्रा का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। फिलहाल दोनों पक्षों को समझा बुझा कर शांत करा दिया गया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी।