कोंच। जिले में हो रहीं ताबड़तोड़ चारियां पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हैं। बेखौफ चोरों ने कैलिया थाना क्षेत्र में भी पुलिस को चुनौती पेश की। ग्राम ब्यौना राजा में एक घर की दीवार के ईंटेे निकाल कर घर में दाखिल हुए चोर लाखों के नकदी जेवर समेट कर दरवाजा खोलकर बाहर निकल गए। उधर, आटा के ग्राम कहटा में दो घरों में चोरी हो गई। देर रात पुलिस ने दो लोगों को पकड़ भी लिया है। बताते हैं कि घटना का खुलासा सोमवार को किया जाएगा।
ग्राम ब्यौना राजा निवासी रामवरन पाल गुजरात में पानी पूरी का धंधा करता है। अभी कुछ माह पहले ही वह कमाई करके घर लौैटा था। शनिवार की रात चोरों नेे उसके घर की दीवार के ईंटेे उखाड़ दी। फिर अंदर घुसकर लाखों का माल लेकर दरवाजा खोलकर आराम से बाहर निकल गए। रविवार सुबह लोगों की नींद खुली तो घटना का पता चला। रामवरन ने बताया कि दस हजार रुपये तथा जेवरों में मंगलसूत्र, कान के बाले आदि चोर समेट ले गए। सूचना पर पहुंचे दरोगा सुनील सैनी ने जांच पड़ताल की। एसएचओ महेश कुमार का कहना है कि मामला संदिग्ध है, मामले की जांच की जा रही है।
उधर, संवाद न्यूज एजेंसी आटा के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम कहटा में शनिवार की देर रात चोरों ने दो घरों सेंध लगाकर लाखों की जेवर व नगदी पार कर दिए। वहीं दूसरे घर में चोरी के दौरान परिजन जाग गए और चोरों को ललकारा तो चोर फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए। फायरिंग से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
थाना क्षेत्र के ग्राम कहटा निवासी अशोक कुमार के घर में पीछे से घुसे चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखे बक्से से जेवर व 10 हजार रुपये समेट ले गए। इसके बाद चोरों ने बगल में ही उसके बड़े भाई संतराम के सूने घर में धावा बोला। घर में रखे जेवर व 25 हजार रुपये चोरी कर लिए। तभी अशोक की पत्नी जाग गई और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस बीच चोर भागे तो लोगों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। तभी चोरों ने तमंचे से फायरिंग कर दी। इससे हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। अशोक के अनुसार दोनों घरों से चोर लगभग तीन लाख रुपये के जेवर व नगदी चोरी कर ले गए। देर रात पुलिस ने दो लोगों को दबोच लिया। बताते हैं कि घटना का खुलासा सोमवार को किया जाएगा।