कोंच। अमरचंद्र इंटर कॉलेज में कोरोना जांच शिविर का आयोजन किया गया। इसमें शिविर के ठीक सामने स्थित आर्यावर्त बैंक में आने वाले ग्राहकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की जांच की गई। बैंक शाखा में आने वाले ग्राहकों के लिए अधिकारियों ने शर्त रखी कि पहले सामने कैंप में जाकर कोरोना टेस्ट कराओ, जांच का टोकन लेकर आओ और भुगतान पाओ।
सोमवार को अधिकारियों ने कोरोना की जांच बढ़ाने का नया तरीका अपनाया। इससे जांच कराने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। सोमवार को गहोई सेवा समिति के सहयोग से स्वास्थ्य विभाग ने अमरचंद्र इंटर कॉलेज में कोरोना जांच और टीकाकरण शिविर लगाया।
इसमें 123 लोगों की एंटीजन जांचें की गई, जिसमें सभी नेगेटिव पाए गए। 67 लोगों की आरटीपीसीआर भेजी गई है। तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा, नायब तहसीलदार संजय, कोतवाल बलिराज शाही लगातार कैंप का निरीक्षण करते रहे। उधर, नदीगांव में 116 लोगों की एंटीजन जांच हुई, जिसमें सभी नेगेटिव आए हैं। 88 लोगों की आरटीपीसीआर भेजी गई है।
कोरोना के टीकाकरण को लेकर लोग रुचि नहीं ले रहे हैं, जिससे टीकाकरण का कार्य प्रभावित हो रहा है। सोमवार को कोंच में दो जगह हुए वैक्सीनेशन में सिर्फ 18 लोगों द्वारा टीका लगवाना यह बताता है कि लोग कोरोना के खिलाफ सरकार की लड़ाई को कमजोर कर रहे हैं।
अमरचंद्र महेश्वरी इंटर कॉलेज के कैंप में निरीक्षण करने पहुंचे तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि बिना ऑनलाइन पंजीकरण वालों को भी वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की गई है। यहां बैठे कर्मचारी मौके पर ही उनका पंजीकरण कर रहे हैं ताकि लोगों को टीका लगवाने में और भी सुगमता हो सके। (संवाद)