झांसी कानपुर हाईवे पर पलटी पड़ी पिकअप फैला पड़ा सामान
- फोटो : ORAI
एट। मटर से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। जिससे पिकअप में सवार चालक समेत छह लोग घायल हो गए। राहगीरों ने यूपी 112 पुलिस सूचना दी। पुलिस ने हाईवे एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर चार घायलों को झांसी के मेडिकल कालेज रेफर कर दिया और रास्ते में दो ने दम तोड़ दिया। वहीं दो घायलों का इलाज जिला अस्पताल चल रहा है। हाईवे पर हादसा होने से एक घंटे तक जाम लग गया।
ग्राम अमीटा से पिकअप में मटर भरकर कुछ लोग उरई मंडी बेचने जा रहे थे। जैसे ही गिरथान हाईवे के पास तेज रफ्तार पिकअप पहुंची तो चालक इमरान अली (22) पुत्र अली बक्स स्टेयरिंग से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप हाईवे पर पलट गई। जिससे उसमें सवार नवी बक्स (60) व उसका साथी भान सिंह (55) पुत्र लटोरे, घनश्याम (65) पुत्र फुसू, प्रेम सिंह (32) पुत्र बुध सिंह, देवेंद्र (10) पुत्र प्रेम सिंह निवासी गण अमीटा व चालक घायल हो गए।
हादसा होते ही हाईवे पर चीख-पुकार मच गई वहां से गुजर रहे राहगीरों की सूचना पर पहुंची पीआरबी 112 ने हाईवे की एंबुलेंस बुलाकर चालक सहित छह घायलों को टोल के डॉ. अफजल खान की देखरेख में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर हालत नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने चार घायलों को मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया वहीं झांसी जाते समय प्रेम सिंह व नवी बक्स की रास्ते में मौत हो गई। जबकि दो घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसा होते ही हाईवे पर जाम लग गया वही मौके पर पहुंचे हाईवे के कर्मचारियों ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया। मृतकों के मरने की सूचना जैसे ही घर पहुंची तो घर में कोहराम मच गया।
घायलों को ले जाती एंबुलेंस- फोटो : ORAI