सरावन/ऊमरी (जालौन)। पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार रिश्ते में चाचा भतीजा लगने वाले दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चाचा ने घटनास्थल और भतीजे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पिकअप भी सड़क किनारे पलट गई। बाइक सवार चाचा-भतीजे दोनों ही हेलमेट लगाए थे, अनुमान है कि सीने और पेट में गंभीर चोटें आने से दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोहन थाना क्षेत्र के ऊमरी रोड पर खितौली बंबी के पास सोमवार सुबह बाइक सवार राहुल (30) पुत्र रामनरेश अपने रिश्ते के चाचा वीर सिंह (28) पुत्र भैयालाल निवासी धर्मपुरा के साथ जालौन में बुआ के घर जा रहा था तभी खितौली पुलिया के पास बाइक में पिकअप ने सामने से टक्कर मार दी। जिससे चाचा भतीजे गंभीर रुप से घायल हो गए और हादसे का बाद पिकअप सड़क किनारे पलट गई। राहगीरों ने इसकी सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। पुलिस पहुंची तब तक चाचा वीरसिंह की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने घायल राहुल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर इलाज के दौरान राहुल ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पिकअप व क्षतिग्रस्त बाइक को थाने ले आई। पिकअप चालक मौके से भाग गया। परिजनों ने बताया कि वीरसिंह अपनी बहन के घर जालौन जा रहा था और साथ में राहुल भी था। दोनों के पेट और सीने में गंभीर चोटें आने से मौत हुई है। जबकि दोनों के हेलमेट भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। दोनों के मौत की सूचना जैसे ही घरों में पहुंची तो गांव में मातम छा गया।
कहीं पिकअप की स्टेयरिंग तो फेल नहीं थी
सरावन। घटनास्थल के आसपास के लोगों की मानें तो हादसे से कुछ ही देर पहले पिकअप के चालक व परिचालक ने गाड़ी की स्टेयरिंग ठीक कराई थी। सूत्रों के मुताबिक जिस वक्त हादसा हुआ तब पिकअप मिस्त्री चला रहा था। हो सकता है कि स्टेयरिंग दोबारा फेल होने से मिस्त्री गाड़ी पर संतुलन न रख पाया हो और वह चाचा भतीजे की बाइक से जा टकराई। पुलिस का कहना है कि इस बिंदु पर भी जांच पड़ताल की जा रही है।
सड़क किनारे पलटी पड़ी पिकअप- फोटो : ORAI