फोटो - 10 मृतक रामकुमार उर्फ वीरू की फाइल फोटो।
उरई। जालौन रोड पर बुधवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज उरई पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे युवक की झांसी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान बृहस्पतिवार सुबह मौत हो गई।
डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम ऐर निवासी रामकुमार उर्फ वीरू (34) भाई दूज पर पत्नी रश्मि (32) को लेकर उसके मायके ग्राम शहजादपुरा गया था। देर शाम दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में पेट्रोल खत्म होने पर रामकुमार ने बोहदपुरा के पास पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाया। इसके बाद जालौन रोड पर पहुंचते ही उरई की तरफ से आ रही दूसरी बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई।
दूसरी बाइक पर ग्राम अकबरपुर इटौरा निवासी जितेंद्र (26) अपनी बहन शर्मिला (24) को लेकर जा रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को मेडिकल कॉलेज उरई पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने रामकुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में जितेंद्र को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार सुबह उसकी भी मौत हो गई। घायल रश्मि और शर्मिला का उपचार किया गया।
रामकुमार परिवार में इकलौता बेटा था और कार चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके दो बेटे भविष्य और शिवांश हैं। उसकी मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, जितेंद्र की मौत से उसके परिवार में भी मातम पसरा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।