फोटो - 03 हाईवे पर मुर्गों से भरा लोडर खंदक में पलटा पड़ा, वहीं पड़े मरे मुर्गे। संवाद
आटा। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को दो अलग-अलग हादसों में चार लोग घायल हो गए। आटा टोल और चमारी के बीच ट्रक की कट लगने से मुर्गों से भरा लोडर खंदक में पलट गया। हादसे में सैकड़ों मुर्गों की मौत हो गई, जबकि चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बीएमटी इंटर कॉलेज के पास सब्जियों से लदा लोडर दोनों पिछले टायर फटने से बीच सड़क पर पलट गया। इसमें चालक समेत दो लोग घायल हो गए।
पहला हादसा बृहस्पतिवार तड़के करीब चार बजे हुआ। अमेठी के जगदीशपुर से मुर्गे लादकर झांसी जा रहा लोडर आटा टोल और चमारी के बीच पहुंचा। आरोप है कि चालक ट्रक को ओवरटेक कर रहा था, तभी ट्रक चालक ने लोडर में कट मार दिया। इससे अनियंत्रित होकर लोडर सड़क किनारे खंदक में पलट गया। हादसे में लोडर चालक अरबाज (25) और परिचालक सलमान (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज उरई पहुंचाया। लोडर में भरे सैकड़ों मुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई मुर्गे इधर-उधर भाग गए। वाहन मालिक के अनुसार हादसे में करीब दो लाख रुपये के मुर्गों का नुकसान हुआ है।
दूसरा हादसा सुबह करीब सात बजे बीएमटी इंटर कॉलेज के पास हुआ। झांसी से सब्जियों की बोरियां लादकर कालपी जा रहा लोडर हाईवे पर पहुंचा, तभी उसके दोनों पिछले टायर अचानक फट गए। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और करीब 50 मीटर तक अनियंत्रित चलने के बाद लोडर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक कालपी के रामचबूतरा निवासी सलमान (31) और उसका साथी रोहित (28) घायल हो गए। लोडर में लदी सब्जियों की बोरियां सड़क पर बिखर गईं। पुलिस ने दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
आटा थानाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा ने बताया कि दोनों हादसों में पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों से भी जानकारी ली जा रही है।
फोटो - 03 हाईवे पर मुर्गों से भरा लोडर खंदक में पलटा पड़ा, वहीं पड़े मरे मुर्गे। संवाद