उरई। बाजार आई महिला से दो युवक व एक युवती टप्पेबाजी कर पच्चीस हजार रुपये व जेवर लेकर भाग गए। पीड़ित महिला ने कोतवाली पहुंचकर जानकारी दी। पुलिस ने बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के ददरी गांव निवासी बाला प्रसाद पाल की पत्नी चुनबदा सोमवार को शहर में बाजार करने आई थीं। महिला ने बताया कि शहर आकर बैंक ऑफ बड़ौदा से 15 हजार रुपये निकाले, सात हजार रुपये वह घर से लेकर आई थी। इसके अलावा बैंक के सिक्योरिटी गार्ड के लिए वह बीस किलो मूंग की दाल लाई थी। गार्ड से भी दाल के 1600 रुपये लेकर झोले में रख लिए थे।
जब वह राठ रोड स्थित मंदिर के पास पहुंची, तभी दो युवकों व एक युवती ने उससे एटीएम के बारे में जानकारी ली। जब उसने जानकारी होने से मना किया तो एक युवक ने दो तीन बार उसके पैर छुए। इसके बाद वह सूझबूझ खो बैठी और उक्त लोगों के साथ बजरिया, माहिल तालाब होते हुए चली गई। इसी बीच उन्होंने झोला लेकर एक पोटली थमा दी और उसके जेवर व नकदी ले ली। इसके बाद उक्त लोग खाना खाने की बात कहकर चले गए। जब वह कुछ सामान्य हुई तो उसने आसपास के दुकानदारों को अपनी साथ हुई घटना बताई।
दुकानदारों ने उसे कोतवाली पहुंचाया। महिला ने बताया कि टप्पेबाजों के साथ शामिल युवती अपने हाथ में पॉलिथीन लिए थी। पुलिस ने महिला के बताए हुए मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आसपास के दुकानदारों से जानकारी ली। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि अभी तक महिला की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। फिर भी सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। महिला पहले भी इस तरीके की शिकायतें कर चुकी है। (संवाद)