उरई। उन्नाव-कानपुर गंगा पुल की मरम्मत का काम होने की वजह से मंगलवार को झांसी-कानपुर रेलखंड की दो ट्रेनों को निरस्त किया गया है। वहीं, कई ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से आने से कई घंटे देरी से आ रही हैं। जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। खासतौर से गोरखपुर की ओर से आने वाली ट्रेनें ज्यादा देरी से आ रही हैं।
मंगलवार को झांसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस और लखनऊ-झांसी पैसेंजर निरस्त रही। इसके अलावा सुल्तानपुर से मुंबई जाने वाली ट्रेन नंबर 12144 सुल्तानपुर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से तीन घंटे 52 मिनट देरी से आई। पनवेल से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 15066 पनवेल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 4 घंटे 40 मिनट देरी से आई। कटिहार से मुंबई जाने वाली 09190 स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय से 6 घंटे देरी से चल रही है। इन ट्रेनों से यात्रा करने वाली यात्रियों को कई घंटे इंतजार करने में परेशानी हो रही है।
यात्रियों का कहना है कि इस समय बच्चों के स्कूल की छुट्टी होने की वजह से बाहर जाना पड़ रहा है। लेकिन ट्रेनों का संचालन देरी से होने की वजह से बाहर जाने में परेशानी हो रही है। अप्रैल में छुट्टी होने की वजह से लोग घूमने के लिए बाहर जाते हैं। ऐसे में ट्रेनों का निरस्तीकरण और देरी से चलना यात्रियों के लिए मुश्किल भरा है। रेलवे के झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि पुल मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है। जल्द ही काम होने पर यात्रियों को सुविधा मिलेगी और यात्रा में सहूलियत होगी।