फोटो - 05 एक दूसरे से मारपीट करते दोनों पक्ष। संवाद
कदौरा। कस्बे के मोहल्ला आंबेडकर नगर में शुक्रवार दोपहर स्कूटी से युवती को टक्कर लगने के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि हाईवे दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर लात-घूंसे चलने लगे। मारपीट और हंगामे के चलते करीब 10 मिनट तक हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। पुलिस ने मामला शांत कराकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
आंबेडकर नगर निवासी निशा मोहल्ले में टहल रही थी। इसी दौरान सिद्धार्थ नगर निवासी आशिक की स्कूटी से उसे टक्कर लग गई। युवती को घायल अवस्था में देखकर परिजन आक्रोशित हो उठे और स्कूटी सवार युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
विवाद की सूचना मिलते ही युवक पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग सड़क पर आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट होने लगी। बीच सड़क पर हुए हंगामे से राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई तथा कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। मारपीट में एक पक्ष से आशिक, सुधा और रिचा तथा दूसरे पक्ष से निशा और अर्चना घायल हो गए, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया।
10 मिनट तक हाईवे पर मचा रहा हंगामा
दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान हाईवे पर अफरातफरी का माहौल बन गया। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और यातायात प्रभावित रहा। करीब 10 मिनट तक सड़क पर जाम जैसी स्थिति बनी रही, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को हटाकर हालात सामान्य कराए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष परमेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई थी, लेकिन बाद में आपसी समझौता हो जाने के कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई।