माधौगढ़। मोबाइल रिचार्ज कराने के बाद रुपये न देने पर दो पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। जिससे दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। एक पक्ष से महिला सहित तीन लोग घायल होने के बाद भी गोहन पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर घायल महिला ने सीओ को तहरीर देकर मामला दर्ज कराने की गुहार लगाई है।
गोहन थाना क्षेत्र के बदनपुरा गांव निवासी रानू (17) ने उजैफ (16) से तीस रुपये का रिचार्ज कराया था। रिचार्ज का पैसा न देने पर दोनों पक्षों में गालीगलौज होने लगी। शोरगुल सुन दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा हो गए और बात बढ़ने पर एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। झगड़े में एक पक्ष से अमन (18) और रानू (17) घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष से कामिनी (35), उजैफ (17) व आशिक (13) घायल हो गए।
चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को एक पक्ष के घायल रानू ने तहरीर दे दी। पुलिस ने घायल रानू व अमन को सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर हालत होने पर रानू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरे पक्ष की घायल कामिनी, उजैफ व आशिक ने सीओ राम सिंह को पुलिस पर भेदभाव करने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। सीओ का कहना है कि दूसरे थाने से जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।