कालपी। शनिवार दोपहर एआरटीओ राजेश कुमार ने जोल्हूपुर क्षेत्र में आकस्मिक चेकिंग कर दो ओवरलोड ट्रकों को पकड़कर सीज कर दिया। ट्रक मानक से कई गुना अधिक बालू लादकर हाईवे से गुजर रहे थे। अचानक हुई इस कार्रवाई से लोकेशन माफियाओं में खलबली मच गई। बताया जा रहा है कि परिवहन विभाग की गतिविधियों की सूचना पहले ही ट्रक संचालकों तक पहुंच जाती थी, जिससे वे बच निकलते थे।
एआरटीओ ने बताया कि यमुना क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोडिंग की सूचना मिल रही थी, जिस पर यह कार्रवाई की गई। ट्रकों को कब्जे में लेकर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। (संवाद)