माधौगढ़। गोहन थाने के पास शुक्रवार को बाइकें आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इसमें चार लोग बुरी तरह से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ज्यादा घायल होने पर दो लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हमीरपुर जिले के थाना कुरारा के जल्ला गांव निवासी मोहित कुशवाहा (34) अपने साथी नरेंद्र प्रजापति (26) के साथ इलाज कराने के लिए शुक्रवार को बाइक से माधौगढ़ जा रहे थे। जैसे ही बाइक गोहन थाना के पास पहुंची। इसी दौरान माधौगढ़ की तरफ से आ रहे गोहन थाना के गांव इस्लामपुर निवासी सत्यम तिवारी (21) साथी कासिमपुर निवासी राहुल चतुर्वेदी (20) के साथ गोहन थाने के पास पहुंचे। यहां आमने सामने दोनों बाइकों की भिड़ंत हो गई। चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने मोहित कुशवाहा व सत्यम तिवारी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने पर नरेंद्र प्रजापति व राहुल चतुर्वेदी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गोहन थानाध्यक्ष सतीश कुमार का कहना है कि बाइकों को कब्जे में ले लिया है। जांच की जा रही है।