उरई। झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक पर उरई भुआ सेक्शन में बुधवार की दोपहर झांसी की ओर से आ रही मालगाड़ी के सामने अन्ना मवेशियों का झुंड आ गया। चपेट में आने से दो मवेशियों की कटकर मौत हो गई। जिसकी वजह से मालगाड़ी दस मिनट खड़ी रही। चालक ने कीमैन की मदद से इंजन में फंसे दो मवेशियों को हटाया, तब ट्रेन गंतव्य की ओर रवाना हुई।
बुधवार की दोपहर 12.52 बजे जब झांसी की ओर से मालगाड़ी का खाली रैक भुआ स्टेशन से गुजर रहा था। तभी बड़ागांव रेलवे क्रासिंग नंबर 178 के पास अन्ना मवेशियों का झुंड रेलवे ट्रैक पर आ गया। जब तक चालक ने ट्रेन को रोका, तब तक दो मवेशी इंजन में फंसकर मर गए। इसके ट्रेन खड़ी हो गई। मालगाड़ी के चालक ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम और उरई स्टेशन अधीक्षक एपी वर्मा को दी। ट्रैक के पास पेट्रोलिंग कर रहे कीमैन की मदद से चालक ने इंजन में फंसे मवेशियों को हटाया। इसके चलते 12.55 बजे से 1.05 बजे तक दस मिनट ट्रेन खड़ी रही। ट्रेन 1.17 बजे उरई स्टेशन पर पहुंची। इसके चलते कानपुर की ओर से पारीछा स्टेशन जाने वाली मालगाड़ी को उरई स्टेशन पर रोककर सतर्कता आदेश देकर चलाया गया।