उरई। झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक के उरई भुआ सेक्शन पर रिनियां रेलवे क्रासिंग के पास मुंबई से लखनऊ जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस से अन्ना मवेशी टकरा गए और दो मवेशी इंजन में फंसकर कट गए। जिससे ट्रेन दस मिनट खड़ी रही। इसके चलते मालगाड़ी को सतर्कता आदेश देकर निकाला गया।
रविवार को अपने निर्धारित समय से सात घंटे देरी से आ रही पुष्पक एक्सप्रेस जब भुआ से उरई के लिए आ रही थी, तभी 10.41 बजे रिनियां रेलवे क्रासिंग के पास अन्ना मवेशियों का झुंड रेलवे ट्रैक पर आ गया। जब तक ट्रेन चालक एसपी सिंह ने ट्रेन रोकी, तब तक दो मवेशी ट्रेन के इंजन में फंस गए और ट्रेन खड़ी हो गई। ट्रेन चालक ने इसकी सूचना उरई स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात स्टेशन अधीक्षक और कंट्रोल रूम झांसी को सूचना दी। इसके बाद चालक ने सह चालक की मदद से इंजन में फंसे मवेशियों को हटाया, तब जाकर पुष्पक 10.50 बजे गंतव्य की रवाना हुई। ट्रेन चालक की सूचना के बाद कानपुर की ओर से झांसी की ओर जाने वाली मालगाड़ी के चालक को काशन आर्डर देकर निकाला गया।
अन्ना मवेशियों ने रोका संत कबीरनगर एक्सप्रेस का रास्ता
उरई। मुंबई से गोरखपुर की ओर जाने वाली संत कबीरनगर एक्सप्रेस नंबर जब रविवार की दोपहर करीब एक बजे भुआ यार्ड से गुजर रही थी, तभी अन्ना मवेशी ट्रेन के सामने आ गए। तीन मवेशियों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। वहां भी 12.50 बजे से 1 बजे तक करीब दस मिनट ट्रेन खड़ी रही। चालक वीके कुशवाहा ने इसकी सूचना स्टेश्रन मास्टर और कंट्रोल रूम को दी।