कदौरा में घटनास्थल पर मौजूद अधिकारी व ग्रामीण।
- फोटो : ORAI
कदौरा (जालौन)। हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से उसकी चपेट में आए 20 पालतू मवेशियों की मौत हो गई। सूचना पर आनन फानन में एसडीएम मौके पर पहुंचे और मवेशियों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें दफन कराया। ग्रामीणों का आरोप है विद्युत विभाग के कर्मियों की लापरवाही से हादसा हुआ। 20 मवेशियों की मौत हो गई, जिनमें से 14 गाय व 6 बैल थे।
रविवार को बागी रोड स्थित एक खेत में निकली हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर गिर गया, जिससे वहां चर रही 20 मवेशियों की तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मवेशियों की मौत की सूचना पर कुछ ही देर में घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। एक साथ 20 मवेशियों के मरने की सूचना ग्रामीणों ने नगर पंचायत ईओ सुनील कुमार सिंह व एसडीएम जयेंद्र कुमार सिंह को दी। जिस पर एसडीएम, बीडीओ अतिरंजन सिंह व पशु चिकित्साधिकारी डॉक्टर विपिन सचान के साथ पहुंचे और मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराकर जेसीबी से गड्ढा खुदवा कर मवेशियों को दफन कराया। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मियों पर आरोप लगाया।
ग्रामीणों का कहना है कि कस्बे में कई जगह तार जर्जर व नीचे है, जिससे आए दिन हादसे होते हैं। कई बार शिकायत के बाद भी बिजली विभाग के कर्मचारी तारों को ठीक नहीं करते। वहीं सूचना मिलने पर विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने घटना स्थल का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई के लिए कहा। एसडीएम जयेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मवेशियों का पोस्टमार्टम कराकर पशुपालकों की सूची बनाई जा रही है। विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां भी तार झूल रहे है, उन्हें तत्काल सही कराया जाए। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने आनन फानन में टूटे तार को सही कर दिया ताकि उन्हें विरोध का सामना न करना पड़े।