कालपी। मिक्सर मशीन पलटने से दो मजदूर दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ठेकेदार व साथियों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। जहां एक को मृत घोषित कर दिया। सभी लेंटर डालकर ट्रैक्टर व मिक्सर मशीन पर बैठकर घर लौट रहे थे।
कोतवाली क्षेत्र के मोतीनगर गांव निवासी इंद्रपाल अहिरवार (48) लेंटर डालने का काम करता था। बुधवार को वह बैरई गांव निवासी ठेकेदार थान सिंह के साथ लेंटर डालने नसीरपुर गांव गया था। काम खत्म होने के बाद कुछ मजदूर ट्रैक्टर पर बैठ गए और इंद्रपाल व छौंक गांव निवासी रामखिलावन मिक्सर मशीन पर बैठ गए। जैसे ही ट्रैक्टर कालपी कोतवाली क्षेत्र के पास पहुंचा कि मिक्सर मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
साथी मजदूरों ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। जहां इंद्रपाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि रामखिलावन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतक इंद्रपाल के भाई सुनील ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। उसके तीन बच्चे हैं। उसकी मौत से पत्नी सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाल परमहंस तिवारी ने बताया कि मजदूर की मिक्चर मशीन में दबकर मौत हुई है। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। जांच पड़ताल की जा रही है।