कुठौंद। कार की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस व परिजनों ने दोनों को मेडिकल पहुंचाया। जहां भतीजे की गंभीर हालत होने पर उसे झांसी रेफर कर दिया। परिजन उसे ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार लेकर भाग गया।
कुठौंद थाना क्षेत्र के बावली गांव निवासी आनंद पांडेय अपने भतीजे अंशुल पांडेय (20) के साथ बुधवार रात बाइक से रिश्तेदारी में शादी में शामिल होने रहावली गांव गए थे। खाना खाने के बाद दोनों घर लौट रहे थे, जैसे ही उनकी बाइक जालौन-औरैया मार्ग पर स्थित आलमपुर गांव के पास पहुंची कि कार ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मेडिकल कालेज पहुंचाया। जहां से अंशुल को झांसी रेफर कर दिया गया। परिजन उसे ले जा रहे थे तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि वह बीकॉम कर रहा था। वह दो भाइयों में छोटा था। उसकी मौत से पिता धर्मेंद्र, मां रंजना सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार व चालक की तलाश की जा रही है।