कदौरा। थाना क्षेत्र के जोल्हूपुर–हमीरपुर हाईवे पर ग्राम उदनपुर के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक शादी समारोह में शामिल होने मौदहा जा रहे थे।
बुधवार की सुबह भेड़ी निवासी प्रमोद कुशवाहा और उनके भाई कल्लू बाइक से कदौरा की ओर से कुरारा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को सीएचसी कदौरा लाया गया। जहां
डॉक्टर ने प्रमोद की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि दूसरे घायल का उपचार सीएचसी में किया गया। टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से बाइक समेत फरार हो गया। थानाध्यक्ष प्रभात सिंह ने बताया कि दुर्घटना में दो युवक घायल हुए हैं, जिन्हें सीएचसी भेजा गया था। मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। (संवाद)