फोटो-20-जलभराव से जलभग्न हुई पपीते की फसल। संवाद
कोंच। छोटी दोहर में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नगर पालिका द्वारा रास्ते का पानी काटकर पपीते के खेत में छोड़ने का मामला सामने आया है। किसान रामआसरे का आरोप है कि पालिका कर्मचारियों ने जलभराव का पानी उसके खेत की ओर मोड़ दिया। इससे करीब दो बीघा पपीते की फसल जलमग्न हो गई। किसान ने एसडीएम अभिनव कुमार से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
पिछले कई दिनों से दोहर मंदिर रोड के अंदर बस्ती के रास्तों और खाली प्लाटों में बारिश का पानी भरा था। मंगलवार शाम जलभराव की शिकायत के बाद पालिका कर्मचारियों ने निकासी के लिए पानी का बहाव बदल दिया। आरोप है कि पानी पपीते के खेत की ओर काट दिया गया। इससे पूरी फसल में पानी भर गया।
किसान का कहना है कि खेत में लगातार पानी भरा रहने से पपीते की फसल खराब होने की आशंका है। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है। उन्होंने पानी की निकासी कराने और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम अभिनव कुमार ने बताया कि पपीते के खेत से पानी निकलवाया जा रहा है।